उन्नाव। पहाड़ों पर बर्फबारी से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार कर्मी आ रही है। इस बार रविवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पूरे दिन धूप नहीं निकली और कोहरा छाया रहा। चौबीस घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी आई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तीन दिन कड़ाके की ठंड रहेगी, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।
शनिवार रात नौ बजे शुरू हुआ कोहरा रविवार सुबह तक छाया रहा। रात में दृश्यता दो मीटर ही रही गई। इससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित रहा। रविवार इस सीजन का पहला दिन रहा जब पूरे दिन कुछ देर के लिए भी धूप नहीं निकली और धुंध छाई रही। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की और कमी आई। शनिवार को 17 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान रविवार को घटकर 14.03 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान सात डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ राजीव कुमार ने बताया कि पहाड़ों पर हिमपात होने से मैदानी क्षेत्रों में भी फिलहाल ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। बताया अगले दो-तीन कड़ाके की ठंड रहने और रात में शीतलहर चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है।
रेल और सड़क यातायात प्रभावित, ट्रेनें घंटों लेट
उन्नाव। कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। यात्रियों को गंतव्य को पहुंचने में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। रविवार को शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से छह घंटे की देरी से उन्नाव जंक्शन पहुंची। वही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटे लेट रही। मरुधर एक्सप्रेस दो घंटा और मेमू पैसेंजर ट्रेन 25 मिनट देर से आई। वहीं कोहरे की वजह से सड़क यातायात भी प्रभावित है। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रात के समय यातायात कम हो गया है। नवाबगंज टोला प्लाजा की रिपोर्ट के अनुसार चौबीस घंटे में करीब आठ हजार भारी वाहन और दस हजार छोटे वाहन निकल रहे थे। लेकिन पिछले तीन दिन से रात दस बजे से सुबह चार बजे तक वाहनों की संख्या लगभग आधी रह गई है।
नर्सरी से कक्षा पांच तक के छात्रों की 30 तक छुट्टी
कक्षा छह से आठ तक की कक्षाएं सुबह 11:30 से शाम तीन बजे तक
उन्नाव। बढ़ रही ठंड को देखते हुए डीएम ने नर्सरी से कक्षा पांच तक के छात्रों की 30 दिसंबर तक छुट्टी कर दी गई है। वहीं कक्षा छह से आठ तक के छात्रों के स्कूल जाने का समय सुबह 11:30 बजे शाम तीन बजे तक किया गया है। बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि 29 और 30 दिसंबर को सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड से संचालित स्कूलों में भी अवकाश रहेगा। नियम का पालन न करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
फोटो-34- बच्चे हों या बड़े कड़ाके की ठंड में ऊनी कपड़ों में पूरी तरह लिपटे नजर आए। संवाद- फोटो : सांकेतिक