उन्नाव। पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण की पीड़िता ने कहा कि सजा निलंबित करने के फैसले पर रोक और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली के जंतरमंतर पर धरने पर बैठेंगी। बताया कि उनकी मांग है कि वापस ली गई परिवार की सीआरपीएफ सुरक्षा भी बहाल की जाए।
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में रायबरेली में हुई सड़क दुर्घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने केस को दिल्ली ट्रांसफर करने के साथ ही परिवार के अलावा घटना के गवाहों और वकील को सीआरपीएफ सुरक्षा दी थी। सेंगर को उम्रकैद की सजा हाईकोर्ट ने निलंबित कर दिया है। इससे उन्हें और परिवार को खतरा है। बताया कि वह हाईकोर्ट के फैसले पर रोक और जितने भी लोगों को सीआरपीएफ सुरक्षा मिली थी, सभी की सुरक्षा बहाल करने की मांग को लेकर जंतरमंतर पर धरना देंगी। बताया कि न्याय के लिए लाठियां भी खाने को तैयार हैं।