उन्नाव। बंथर सीईटीपी को अपग्रेड कर जीरो डिस्चार्ज (उत्प्रवाह मुक्त) के अनुरूप बनाने के काम में लेट लतीफी उद्यमियों पर भारी पड़ रही है। हर साल माघ मेले के दौरान टेनरियों के पानी बहाने पर पाबंदियां लगाई जाती है। इस बार भी टेनरियों पर 46 दिन में 24 दिन पानी बहाने पर रोक लगाई गई है। टेनरी संचालकों का कहना है कि इससे करीब पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित होगा। उनका कहना है कि सीईटीपी अपग्रेड हो जाते तो व्यापार प्रभावित न होता।
वर्ष 2017 में औद्योगिक क्षेत्र बंथर और दही चौकी के कॉमन इंफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) एनजीटी के मानक पर फेल हो गए थे। इन्हें अपग्रेड करने की योजना बनाई गई थी। औद्योगिक क्षेत्र बंथर के सीईटीपी को जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (जेडएलडी) के अनुसार अपग्रेड करने के लिए नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (एनएमजीसी) परियोजना के तहत केंद्र सरकार ने 111 करोड़ रुपये की डीपीआर को मंजूरी दी थी।
सितंबर 2022 में शुरू हुआ काम फरवरी 2025 तक पूरा करना था लेकिन काम में सुस्ती के चलते अब तक पूरा नहीं हो सका है। यह हाल तब है जब इस सीईटीपी को अपग्रेड करने में इससे से जुड़े उद्यमी भी 27 करोड़ रुपये (लागत का 25 फीसदी) दे रहे हैं। कभी श्रमिकों की कमी तो कभी सामग्री और मशीनों की आपूर्ति में देरी के चलते काम पूरा नहीं हो सका। एक बार फिर समय सीमा बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी गई है। टेनरी संचालकों का कहना है कि सीईटीपी अग्रेड न होने से हर साल माघ मेले व अन्य अवसरों पर पानी रोकने का आदेश मिलता है। इससे उत्पादन प्रभावित होता है।
ये होगा लाभ
अत्याधुनिक तकनीक के उपकरण लगने के बाद सीईटीपी से निकलने वाले पानी में क्रोमियम, फ्लोराइड, सीओडी (केमिकल ऑक्सीजन डिमांड), पीएचबी, बीओडी और एसएस (सब स्टैंड सॉलिड) पानी से अलग किया जा सकेगा। इससे गंगा में प्रदूषण कम होगा।
पूरे डेढ़ माह मानी जाएगी पाबंदी
चर्म उद्योग संघ उन्नाव चैप्टर के सचिव मो. ताज आलम ने बताया कि चमड़ा बनाने (टेनिंग) की प्रक्रिया 30 से 40 दिन में पूरी होती है। मजबूरी यह है कि इसे बीच में रोका नहीं जा सकता। निर्धारित प्रक्रिया रुकने पर चमड़े की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसलिए टेनरियों के लिए 24 दिन की पाबंदी नहीं इसे पूरे डेढ़ महीने की पाबंदी ही माना जाएगा। जब पूरी तरह टेनरी संचालन की अनुमति होगी तब तक काम रुका रहेगा। इससे उन्नाव के बंथर और दही औद्योगिक क्षेत्र की छोटी-बड़ी 40 टेनरियों का करीब पांच करोड़ का कारोबार प्रभावित होगा।
वर्जन...
बंथर सीईटीपी को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। इसमे ट्रीटमेंट और प्यूरीफायर यूनिट में अत्याधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। कभी मशीनों की आपूर्ति में देरी तो कभी श्रमिकों की कमी से काम प्रभावित होता है। इस बार काम पूरा करने की समय सीमा मार्च 2026 तय की गई है। इसी तय समय सीमा में काम पूरा हो जाएगा। -रितुराज साहू, जीएम सीईटीपी।