फोटो नंबर-28- एक क्रिकेट मैच के दौरान स्टेडियम में अनुराग द्विवेदी। स्रोत: सोशल मीडिया
उन्नाव। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता जोन की टीम ने अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन सट्टेबाजी में लिप्त यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी के उन्नाव के अलावा लखनऊ और दिल्ली में सहित दस ठिकानों पर तलाशी की है। ईडी ने चार लग्जरी गाड़ियां और आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और 20 लाख रुपये जब्त किए हैं। ईडी के मुताबिक दस्तावेजों से अनुराग का हवाला के जरिए दुबई में किए गए रियल एस्टेट निवेश का भी खुलासा हुआ है। करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है।
ईडी ने अपने एक्स अकाउंट में शेयर की गई प्रेस नोट में बताया है कि पश्चिम बंगाल में कुछ लोगों के खिलाफ अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी की एफआईआर दर्ज हुई थी। जांच में पता चला कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर व यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी ने अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देने में सक्रिय और भूमिका निभाई। इसी आधार पर ईडी की 16 सदस्यीय टीम बुधवार को अनुराग के नवाबगंज ब्लाक के पैतृक खजूर गांव, नवाबगंज कस्बा और लखनऊ स्थित घर पर एक साथ दबिश दी थी।
18 घंटे चली जांच के बाद ईडी के अधिकारी आठ अकाउंट की डिटेल, उसके पिता का मोबाइल फोन, घर में मिले करीब बीस लाख रुपये के अलावा अन्य दस्तावेज जब्त किए थे। साथ ही बैंक अधिकारियों को इन खातो से लेनदेन पर रोक लगाने को कहा है। ईडी अधिकारियों के अनुसार अनुराग हवाला और फर्जी खातों के जरिए सट्टेबाजी ऐप से अपराध कर की गई कमाई का लेनदेन करता था। वह सट्टेबाजी ऐप के लिए प्रमोशनल वीडियो बना कर प्रसारित करता है और लाखों लोगों को उन प्लेटफॉर्म पर सट्टा लगाने के लिए प्रेरित करता है। जांच में उसकी कंपनियों के बैंक खातों और परिवार के लोगो के खातों में बड़ी रकम जमा होने की पुष्टि हुई है। ईडी ने इस मामले में जुड़े लोगों की अबतक 23.7 करोड़ की चल संपत्ति भी अटैच की है।