अचलगंज। थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजाद नगर हड़हा में बृहस्पतिवार शाम एक किशोरी का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आजाद नगर हड़हा निवासी सादिक हुसैन की बेटी शिफा नाज (14) का शव छत के कुंडे से दुपट्टे पर फंदे से लटका मिला। पिता सादिक ने बताया कि घटना के वक्त सभी लोग खेत पर धान काटने गए। तबियत खराब होने के चलते शिफा अकेली घर पर थी। छोटा भाई हसनैन शाम को घर आया तो उसे बहन के शव फंदे से लटका देख सूचना दी। मृतका तीन भाई व तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। सूचना पर एसओ राजेश पाठक ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। एसओ ने बताया कि पिता के मुताबिक शिफा काफी दिनों से बीमार व अवसाद ग्रस्त थी। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।