फोटो- 14-लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर खड़ी दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस। स्रोत: पीआरवी
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार को सुबह सबलीखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में मरीज की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। क्षतिग्रस्त एंबुलेंस से कार की भिड़ंत हो गई, जिसमें सवार सात लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि जिस मरीज की माैत हुई है, वह पांच दिन पहले इसी स्थान पर डिवाइडर में कार टकराने से घायल हुआ था। दिल्ली में उपचार के बाद आराम मिलने पर सोमवार को घर जाते समय फिर उसी स्थान पर हादसे में उसकी जान चली गई।
अयोध्या जिले के थाना रुदौली के गांव रसूलाबाद निवासी राजेंद्र कुमार (45) 12 अगस्त को आगरा जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के सबलीखेड़ा गांव के पास डिवाइडर से कार टकरा गई थी। इस हादसे में राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन दिल्ली के अस्पताल में इलाज करा रहे थे। हालत में सुधार होने पर डॉक्टर ने डिस्चार्ज कर दिया था। सोमवार को परिजन एंबुलेंस से उन्हें लेकर अयोध्या जा रहे थे। एक्सप्रेसवे पर बेहटामुजावर के सबलीखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस पीछे से ट्रक में टकरा गई। इससे राजेंद्र कुमार के साथ उनके भाई पंचमलाल (40), राजेंद्र के बेटे शुभम (20), मुकेश (17) और विशाल (15) घायल हो गए। यूपीडा की टीम ने चोटिल लोगों का इलाज किया। राजेंद्र कुमार को सीएचसी भेजा। हालत गंभीर देख उन्हें केजीएमयू भेजा गया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई पंचम ने बताया कि राजेंद्र दिल्ली के लोहामंडी में मजदूरी करते थे। राजेंद्र की मौत से उनकी पत्नी गुड्डी, मां जगमाता सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। बेहटामुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि सोमवार सुबह पहले एंबुलेंस आगे चल रहे वाहन में भिड़ी उसमें एक की मौत हुई है। उसी क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में दूसरी कार भिड़ गई, जिसमें सात लोगों को चोटें आईं थीं। सब सही हैं, वाहनों को हटवाया गया है।
बॉक्स -
क्षतिग्रस्त एंबुलेंस में टकराई एक और कार, सात चोटिल
एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को जब तक यूपीडा की टीम हटवाती तक तक तेज रफ्तार कार उससे पीछे से भिड़ गई। घटना में कार सवार फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के समद भरथरा निवासी मंगल सिंह (55), साथी अजय कुमार (52), पत्नी पूनम देवी (50), श्याम बिहारी (32), भाई राजकुमार (28) और शिवव्रत कुमार (43) व रूपम कुमारी (40) पत्नी राजनंदन घायल हो गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने घायलों का उपचार किया।