फोटो-17- मृतका उमाकांती की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन।
सोनिक/बिछिया (उन्नाव)। पिता से शिकायत करने की खुन्नस में भाई ने ससुराल से लाते समय बड़ी बहन की शॉल से गला घोंटकर हत्या कर दी। शव जंगल में छिपाकर अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी। पुलिस ने वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह ने खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
बिछिया ब्लॉक के साढ़ निवासी रामनरेश ई-रिक्शा चलाते हैं। रामनरेश ने बताया कि बेटी उमाकांती (26) की शादी 30 नवंबर 2025 को फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के कछियन खेड़ा निवासी कमल किशोर उर्फ रिंकू से की थी। दामाद कमल किशोर महाराष्ट्र में रहता है। बेटे अजय (22) को मंगलवार को अपना ई-रिक्शा देकर बेटी उमाकांती को ससुराल से लाने के लिए भेजा था। अजय बुधवार की रात 10:15 बजे अकेले घर लौटा और बताया कि अज्ञात युवकों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बहन का अपहरण कर लिया है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और अजय को साथ ले जाकर घटनास्थल पर जांच की तो वहां ऐसा कुछ नहीं पाया। हत्यारोपी ने जो घटनास्थल बताया वह उन्नाव-पड़री रोड पर है जबकि भाई-बहन के मोबाइल की लोकेशन तौरा गांव से दो किलोमीटर आगे बजहरा खेड़ा गांव के पास मिली।
पुलिस अधीक्षक जेपी सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि इस पर पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने देर रात डेढ़ बजे अजय से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया। अजय ने बताया कि बहन घरेलू बातों पर विवाद करती थी। पिता भी बहन की बात मानते थे और उसी के कहने पर चलते थे। एक सप्ताह पहले बहन के उकसाने पर उसे घर से निकाल दिया गया था। इसी वजह से बहन से खुन्नस रखता था। रास्ते में विवाद के दौरान उसने बहन की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तौरा-मऊ सुल्तानपुर के बीच लंगड़ेश्वर महादेव मंदिर के पास झाड़ियों से उमाकांती का शव, शॉल और घटना में प्रयोग ई-रिक्शा बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाने से दम घुटने के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
फोटो-17- मृतका उमाकांती की फाइल फोटो। स्रोत: परिजन।