उन्नाव। एक साल पहले इंस्टाग्राम पर युवक से दोस्ती के बाद नजदीकी बढ़ी तो बिहार राज्य की युवती उन्नाव आ गई। युवती का आरोप है कि युवक खुद को हिंदू बताता रहा। उसे शहर में किराये के घर में रखा और निकाह का दबाव बनाया। दोनों में विवाद हुआ और पीड़िता की तहरीर पर उसे प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा गया था। आरोप है कि जमानत मिलने के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देने के साथ ही एसपी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से शिकायत की है।
सोशल मीडिया पर एक युवती का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह खुद को बिहार की निवासी बता रही है। युवती के मुताबिक इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी सुनील नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। नजदीकी बढ़ने के बाद उसने शादी करने की बात कही। घर वालों को बिना बताए 14 लाख के जेवर और दो लाख रुपये लेकर वह जनवरी 2025 में युवक के पास आ गई। उन्नाव में ही एक दवा कंपनी में काम करने वाले इस युवक ने उसे मोहल्ला तालिब सराय में किराये के घर में रखा।
पीड़िता के अनुसार बाद में पता चला कि उसका असली नाम सुनील नहीं सैय्यद अब्दुल मन्नान है। वह फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली के गांव हैबतपुर का निवासी है। पीड़ित युवती का आरोप है कि अब्दुल मन्नान ने निकाह के लिए दबाव बनाया और इन्कार करने पर मारपीट करने लगा। 30 फरवरी 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई तो पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। अब वह जमानत पर है। पीड़िता के मुताबिक 27 अक्तूबर 2025 को युवक ने मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि मामला जानकारी में है। मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपी जमानत पर है। पीड़ित युवती को बुलाया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।