औरास। पूराचांद में संचालित उचित दर विक्रेता दुकान के स्टॉक सत्यापन में कम अनाज मिलने पर कालाबाजारी की पुष्टि हुई है। पूर्ति निरीक्षक ने दुकान का लाइसेंस निलंबित कर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूर्ति निरीक्षक दिनेश चंद्र ने सोमवार को राशन की दुकान में उपलब्ध अनाज का भौतिक सत्यापन किया था। निरीक्षण के समय उचित दर विक्रेता संजय सिंह चौहान मौके पर नहीं मिले। दुकान पर उनका सहयोगी था। स्टॉक का मिलान कराने पर अगस्त, सितंबर का अवशेष और अक्तूबर के उठाए गए अनाज का मिलान करने पर चीनी 38.800 किलो, गेहूं 85.55 क्विंटल व चावल 128.05 क्विंटल कम मिला था।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। यहां के कार्डधारकों को सरौंद दुकान में संबद्ध कर दिया गया है। पूरा चांद कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।