शुक्लागंज में कोतवाली गंगा घाट के सहजनी रेलवे क्रॉसिंग से सौ मीटर पहले कानपुर लखनऊ डाउन रेल मार्ग की रेल पटरी पर सोमवार रात करीब पौने नौ बजे एक युवक और किशोरी के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्महत्या की है। शव रेलवे ट्रैक पर पड़े होने के कारण तेजस और गोमती एक्सप्रेस देर तक खड़ी रही। वही घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूरी पर एक अज्ञात कार भी पुलिस को मिली है।
सोमवार रात कानपुर लखनऊ डाउन ट्रैक के खंभा नंबर 62 बटा 28 व 62 बटा 30 के बीच एक 45 वर्षीय युवक एवं एक 14 वर्षीय किशोरी का शव मिलने की सूचना क्रॉसिंग के गेटमैन ने स्टेशन मास्टर को दी जिनकी सूचना पर आरपीएफ जीआरपी और कोतवाली गंगा घाट पुलिस पहुंची। दोनों के शव तीन मीटर की बीच की दूरी में पड़े पाए गए। जिसमें किशोरी का सिर और बाया हाथ धड़ से अलग पाया गया।
शव रेलवे ट्रैक पर पड़े होने के कारण करीब 33 मिनट तक तेजस एक्सप्रेस सहजनी रेलवे क्रॉसिंग एवं गंगा घाट रेलवे स्टेशन पर 14 मिनट तक गोमती एक्सप्रेस खड़ी रही। मौके पर रहे आरपीएफ के प्रभारी सुरजीत सिंह और जीआरपी गंगा घाट रेलवे स्टेशन प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक और किशोरी द्वारा आत्महत्या की बात सामने आ रही है। दोनों शवों को कोतवाली गंगा घाट पुलिस ने सील कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जिनकी पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली गंगा घाट के एस एस आई दिलीप प्रजापति ने बताया कि घटना स्थल से दो सौ मीटर दूर स्थित भारत गैस एजेंसी गोदाम के सामने एक सफेद रंग की सफेद रंग की एक ग्रैंड आई 10 कार लावारिस हालत में मिली है जो की लॉक है। कार के अंदर झांक कर देखा गया तो उसमें दो लेडीज पर्स , दो मोबाइल और एक झोला पड़ा है।
मृतक युवक के कमर में सटा हुआ एक चाबी का छल्ला जबकि मृतक का के बाएं हाथ में घड़ी बंधी पाई गई है । घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। स्टेशन मास्टर कमल किशोर ने बताया कि युवक और किशोरी मालगाड़ी की चपेट में आए हैं। वही गैस गोदाम संचालक प्रमोद त्रिवेदी ने बताया कि उन्हें कार के बारे में कोई जानकारी नहीं है।