उन्नाव। वाराणसी में हुई दो दिवसीय राज्य स्तरीय डार्ट थ्रोइंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का नेतृत्व जिले की महिमा गौतम ने किया। उनकी अगुवाई में यूपी टीम ने पांच स्वर्ण व सात रजत पदक हासिल किए। यह खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
डार्ट थ्रोइंग एक ऐसा खेल है जिसमें खिलाड़ी छोटे-छोटे नुकीले तीरों से एक गोले के बीच के हिस्से में निशाना साधते हैं। इस खेल को वर्ल्ड पुलिस एवं फायर खेल-2025 में भी शामिल किया गया है। 19 से 21 जुलाई तक वाराणसी में 22वीं नेशनल रैंकिंग डार्टस चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें शुक्लागंज की महिमा गौतम को उत्तर प्रदेश टीम की कमान सौंपी गई थी।
यहां अन्य 13 राज्यों के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया था। महिमा डार्ट खेल में उत्तर प्रदेश की एक मात्र अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाडी हैं, जो वर्तमान में नेशनल रैंकिंग में दूसरे नंबर पर हैं। उनकी अगुवाई में यूपी टीम ने यहां शानदार प्रदर्शन कर पांच स्वर्ण और सात रजत पदक हासिल किए। उत्तर प्रदेश डार्टस संघ के अध्यक्ष राम सिसौदिया ने बताया कि इसी वर्ष गोवा में होने वाली पहली इंडिया ओपेन डार्टस प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों का चयन किया गया है। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रणविजय सिंह, सचिव सिद्धार्थ कृष्णा, पारूल कुमार, सोनू सिंह, कुशमेश कुमार आदि ने बधाई दी।