शहर के मोहल्ला पूरन नगर स्थित एक इंटर कालेज के बस चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चालक गुरुवार सुबह अजगैन के भौली गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। बीच रास्ते में उसे पेट दर्द के साथ उल्टी शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल लाते वक्त बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। स्कूल प्रबंधन ने हार्टफेल होने का अंदेशा जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मांखी थाना क्षेत्र के पूरानिस्फ पंसारी गांव निवासी राजेंद्र कुमार साहू (45) करीब दो माह से शहर के मोहल्ला पूरन नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की बस चलाता था। गुरुवार सुबह वह स्कूल पहुंचा और बस निकाल कर बच्चों को लेने अजगैन के भौली गांव पहुंचा। भौली से बच्चे लेकर वह स्कूल को आ रहा था कि उसके पेट में दर्द होने के साथ उल्टी शुरू हो गई। स्कूली बच्चों ने इसकी जानकारी प्रबंधन को दी। प्रधानाचार्य रामवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही राजेंद्र को एंबुलेंस से सीएचसी नवाबगंज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उन्होंने हार्टफेल से मौत का अंदेशा जताया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शव देख पत्नी, बच्चे बदहवाश
मौत की सूचना पर बस चालक के परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी रामसखी बच्चों के साथ रोते-बिलखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। पति के शव को देख पत्नी और बच्चे बदहवाश हो गए। बड़ी बेटी कोमल व सबसे छोटी बेटी काजल पिता की मौत पर आंसू बहा रहे थे। बेटा जितेंद्र व मिथुन मौत की वजह जानने को परेशान रहे। चालक की मौत की सूचना पर स्कूल का स्टाफ भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गया और दु:खी परिजनों को ढांढस बंधाया। अजगैन एसओ मनोज सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।