गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात 12:30 बजे बहलोलपुर गांव के पास चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में चालक और खलासी घायल हो गए। दोनों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इससे करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।
एटा जिले के थाना दशरथपुर के गांव नगला ढाकन निवासी चालक प्रशांत कुमार (21) पुत्र खुशीराम, साथी फर्रुखाबाद जिले के थाना व कस्बा मोहम्मदाबाद निवासी रफीक (30) पुत्र मो. रसीद के साथ ट्रक में पंजाब से लोहे की सरिया लादकर बनारस जा रहे थे। बुधवार रात एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के बहलोलपुर गांव के पास चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
घायलों को भर्ती कराने के बाद क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक और उसमें लदी सरिया को भी हटाया गया। इस दौरान तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि घायल चालक और खलासी का इलाज हुआ है, यातायात भी सामान्य करा दिया गया था, कोई दिक्कत नहीं हुई थी।