उन्नाव। बिजली के जर्जर तार बदलने के दौरान दो पोल टूटने से पांच मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर शाम तक आपूर्ति चालू न होने से 5000 आबादी की परेशानी बढ़ गई। मोहल्लों के लोगों को पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ा।
रीवैंप योजना से कब्बाखेड़ा व कांशीराम बिजली उपकेंद्र से जुड़े कचहरी, पूरन नगर व खजुरिया बाग फीडरों की लाइन मरम्मत व पोल बदलने का काम गुरुवार सुबह नौ बजे शुरू हुआ। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा के मोहल्ले क्वेटा तालाब में बिजली कर्मियों ने जर्जर लाइन हटाकर जैसे ही एबीसी लाइन डालनी शुरू की, वैसे ही लाइन खींचने के दौरान झटके से दो पोल टूट गए। इससे मोहल्ला केवटा तालाब, सिविल लाइन, पूरन नगर, बंधूहार व लोधनहार की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इसकी जानकारी होने पर जेई मुकेश भारती मौके पर पहुंचे और टूटे पोल को हटाकर उनके स्थान पर नए लगवाने का काम शुरू किया। शाम साढ़े सात बजे तक पोल लगाने का काम चलता रहा। इस दौरान पांच मोहल्लों की 5000 की आबादी परेशानी रही। लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर भी जवाब दे गए। साथ ही पानी की भी किल्लत हो गई। जेई ने बताया कि तार बदलने के दौरान दो पोल टूट गए थे, जिन्हें बदलवाने का काम तुरंत शुरू कराया गया था। पोल लगाने व नई लाइन बिछाने में समय लगा। फिर भी जल्द आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया गया।
मोहान क्षेत्र की गुल रही बिजली
हसनगंज। मोहान उपकेंद्र में पांच एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर की अर्थिंग बदलने का काम गुरुवार को किया गया। सुबह नौ बजे से काम शुरू किया गया। इससे मोहान क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शाम छह बजे काम पूरा हो सका। तब बिजली चालू की गई। (संवाद)