सफीपुर/नवाबगंज/पुरवा। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दो साल के बच्चे की ट्रैक्टर से कुचल कर जान गई। वहीं बाइक से बचने के प्रयास में साइकिल सवार अनियंत्रित होकर गिर गया। सड़क पर गिरने से साइकिल में पीछे बैठी उसकी पत्नी की मौत हो गई। जबकि कार में टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरनगर गांव निवासी शिवकली पत्नी स्व. गुड्डू की घर के बाहर परचून की दुकान है। शनिवार शाम को शिवकली का दो साल का बेटा अर्जुन दुकान के पास खेल रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक अपना ट्रैक्टर लेकर निकला और बच्चा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। गांव का ही मामला होने से सुलह समझौते के प्रयास चलते रहे मगर बात नहीं बनी तो रविवार दोपहर मृत बच्चे के परिजनों ने सफीपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
उधर, लखनऊ-कानपुर हाइवे पर अजगैन थानाक्षेत्र में बाइक सवार कन्हईखेड़ा गांव निवासी मुकेश (26) पुत्र रामभरोसे और उसका साथी जितेंद्र (22) बाइक से अजगैन पुलिस थाने की ओर जा रहे थे। पक्षी विहार के सामने बाइक सड़क किनारे खड़ी कार में टकरा गई जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुरवा संवाददाता के अनुसार,बिहार थानाक्षेत्र के शिवरतन खेड़ा गांव निवासी सुनील की पत्नी सुनीता (35) काफी दिनों से पीलिया रोग से पीड़ित थी। रविवार को सुनील पत्नी सुनीता को दवा दिलाने के लिए पुरवा कसबा आया था।
लौटते समय पुरवा-पाटन मार्ग पर चंदीगढ़ी गांव के पास बाइक से बचने के प्रयास में साइकिल अनियंत्रित होने से पीछे बैठी सुनीता सड़क पर गिर गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सुनीता को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।