सफीपुर (उन्नाव)। अनवरखेड़ा गांव में तिलक समारोह के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चले। दोनों पक्षों से 10 लोग घायल हो गए। सभी को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, डॉक्टर ने तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एक घायल को उसके परिजन निजी अस्पताल ले गए हैं।
आसीवन थानाक्षेत्र के अनवरखेड़ा गांव निवासी चंद्रपाल के बेटे अजय कुमार का 30 अप्रैल को तिलक था। हरदोई के मल्लावां थानाक्षेत्र के गांव सुरतापुरबरौना से कन्यापक्ष के लोग तिलक लेकर आए थे। तिलक चढ़ रहा था तभी पड़ोसी राजेश सहित अन्य घरों के बच्चे खाना खाने पहुंच गए।
चंद्रपाल के बेटों ने इसका विरोध किया तो पहले कहासुनी होने लगी। नौबत मारपीट तक पहुंच गई। मारपीट में चंद्रपाल के बेटे जागेश्वर (32), सर्वेश (43), सफीपुर के भैंसहरा निवासी रिश्तेदार सत्यम (22) और चमन (18) घायल हो गए। दूसरे पक्ष से राजेश (55), छोटू (40) ओमप्रकाश (39), कंचन (16) पुत्री राजू, देशपति (45) और राजेश के रिश्तेदार बेहटामुजावर के झरतेरा गांव निवासी नन्हक्के (55) गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने राजेश, छोटू और नन्हक्के की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। परिजनों ने नन्हक्के को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है, अभी कोई तहरीर नहीं आई है।