अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में कक्षा दो के छात्र समेत दो की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायल दोनों युवकों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। बच्चे की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने उन्नाव-संडीला मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम व सीओ के समझाने पर करीब चार घंटे बाद रास्ता खुला।
पहली घटना औरास थानाक्षेत्र के आदमपुर में हुई। फैजुल्लानगर निवासी विवेक यादव (8) पुत्र कैलाश यादव पास के आदमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 2 का छात्र था। विवेक की मां मीना इसी स्कूल में रसोइयंा है। वह सुबह स्कूल जाने के बाद करीब नौ बजे कॉपी खरीदने संडीला-उन्नाव मार्ग पर स्थित दुकान पर जा रहा था। तभी संडीला की ओर जा रही सफेद रंग की बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा करीब 50 मीटर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने रास्ता जाम कर दिया। लोगों ने मांग की कि स्कूल के सामने ब्रेकर बनवाया जाए और मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। हसनगंज एसडीएम डॉ अर्चना द्विवेदी और बांगरमऊ सीओ आरपी सिंह मौके पर पहुंचे। करीब चार घंटे बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी तरह रविवार देर रात लखनऊ-कानपुर हाइवे पर दहीचौकी के पास लोडर ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। ये युवक दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रहे थे। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और हेलमेट नहीं लगाए थे। दुर्घटना के बाज कानपुर देहात के सिकंदरा प्रीतमपुर निवासी अबरार (30) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद बरेली के सीवीगंज निवासी रंजीत (23) और लखनऊ के हसनगंज थानाक्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी मनीष (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। ये युवक दहीचौकी में किराये का कमरा लेकर रहते हैं।