उन्नाव। उन्नाव-पुरवा मार्ग पर अजगैन थाना क्षेत्र के प्लाई फैक्टरी के पास भूसी लदे ट्रक की टक्कर से बाइक सपेरे समेत दो की मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव निवासी छोटू ( 27) पुत्र हेरई के घर शनिवार देर शाम सांप दिखा था। छोटू अपने पड़ोस में रहने वाले दोस्त प्रताप (28) के साथ बाइक से दही चौकी में रहने वाले सपेरे को लेकर घर पहुंचे। काफी तलाश के बाद जब सांप नहीं मिला तो छोटू अपने साथी प्रताप के साथ सपेरे को छोड़ने बाइक से दही चौकी जा रहा था। रात करीब 11 बजे उन्नाव-पुरवा मार्ग पर अजगैन थाना क्षेत्र के वुडलाइन फैक्टरी के पास उन्नाव की तरफ जा रहे भूसी लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक में पीछे बैठे छोटू व सपेरे की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर अजगैन कोतवाली प्रभारी अजय राज वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने जांच के दौरान छोटू और सपेरों को मृत घोषित कर दिया। प्रताप का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके दोनों पैर फैक्चर होने की पुष्टि की है।