फोटो-12 नितिन (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
फोटो-13- आदित्य फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
फोटो-14- घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम। संवाद
फोटो-15- घटना के बाद जांच करती पुलिस। संवाद
- एक ही गांव के रहने वाले तीनों दोस्त सोमवार सुबह गंगा स्नान करने गए थे
-हाईवे पर हादसा, चालक टैंकर छोड़कर भागा, यातायात एक घंटे बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
अचलगंज। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे बाइक सवार तीन दोस्तों को गैस टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों सड़क पर गिरे और टैंकर का पहिया दो के ऊपर से निकल गया। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे साथी की हालत गंभीर है। हादसे के बाद कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर जाम लग गया।
अचलगंज थानाध्यक्ष ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। गनीमत रही कि 38 हजार किलो एलपीजी गैस भरा टैंकर पलटा नहीं, वरना हादसा और बड़ा होता। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।
सदर कोतवाली के शेखपुर नरी गांव निवासी नितिन (19) पुत्र दिनेश सोनवानी गांव में ही रहने वाले दोस्त आदित्य (20) पुत्र मनोज सैनी और अचलगंज थाना के बंथर गांव निवासी अर्पित (22) पुत्र गरीबे के साथ सावन के सोमवार होने से भोर पहर गंगा स्नान करने जाजमऊ घाट गए थे। सुबह करीब आठ बजे बाइक से तीनों घर लौट रहे थे।
हाईवे पर गहरा गांव के सामने लखनऊ की ओर जा रहे तेज रफ्तार गैस टैंकर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टैंकर का पहिया नितिन व आदित्य के ऊपर से निकल गया। अर्पित की हालत गंभीर है। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि टैंकर कब्जे में है। मृतक आदित्य के चाचा सुमित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
इनसेट
परिवार का सहारा थे हादसे का शिकार हुए दोस्त
हादसे का शिकार हुए दोनों दोस्त अपने परिवार का सहारा थे। बेटे में वह माता-पिता की इकलौती संतान थे। इसमें एक के तो पिता की भी 12 साल पहले मौत हो चुकी है। हादसे में जान गंवाने वाला नितिन बंथर स्थित एक चमड़ा फैक्टरी में काम करता था। पिता की 12 साल पहले मौत हो चुकी है। उस पर मां सुमन, बहन नेहा और निकिता की जिम्मेदारी थी। दूसरा मृतक आदित्य भी माता-पिता की इकलौती संतान था। वह इंटरमीडिएट का छात्र भी था। पिता के मजदूरी करने से वह फूलों का काम कर परिवार को बढ़ाने में मदद कर रहा था। उसकी मौत से मां विमला के साथ बहन चांदनी और रोशनी बेहाल हैं। दोनों के परिजन सरकार से मदद की गुहार लगाने की बात कही।