गंजमुरादाबाद। ब्लॉक क्षेत्र में 18 गोशालाएं संचालित होने और ढाई हजार से अधिक मवेशी संरक्षित होने के बावजूद छुट्टा मवेशियों की समस्या बनी हुई है। इससे किसान और राहगीर लगातार परेशान हैं।
नगर पंचायत में एक कान्हा गोशाला है। इसके अतिरिक्त सुलतानपुर, दसगवां, भिक्खनपुर गोपालपुर सहित 17 अन्य गांवों में भी गोशालाएं हैं। इनमें कुल ढाई हजार से अधिक गोवंश को रखा गया है। इसके बावजूद, बस्ती से लेकर खेतों तक छुट्टा मवेशी घूमते नजर आते हैं। ये मवेशी हरदोई-उन्नाव मार्ग और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी देखे जाते हैं। किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए रात-दिन खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। सड़क पर विचरण करने वाले ये मवेशी राहगीरों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।
राजकीय पशु चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. राहुल सचान ने बताया कि जल्द ही गांवों को चिन्हित कर छुट्टा मवेशियों को खदेड़ कर गोशालाओं में संरक्षित किया जाएगा।