फतेहपुर चौरासी। सिलाई कढ़ाई कर बीमार मां का इलाज व छोटे भाई बहनों का खर्च उठाने वाली युवती ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर जहर पीकर जान देने का प्रयास किया। युवती को सीएचसी लाया गया। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सैंता गांव निवासी शमीम की बड़ी पुत्री शायमा (24) का विवाह दो साल पहले कानपुर निवासी चांद के साथ हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते एक साल पहले तलाक हो गया। तबसे वह बीमार मां खातून के साथ रह रही थी। पिता परिवार से अलग जाजमऊ में रह रहा था। सिलाई कढ़ाई कर वह बीमार मां का इलाज करा रही थी। साथ ही छोटी बहन शमीमा (13) व भाई साहिल (10) को पढ़ा रही थी। सिलाई के काम से गुजारा न होने पर व मां को बीमारी से तड़पता देख शायमा ने जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। थानाध्यक्ष राघवन कुमार सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में है। युवती का इलाज चल रहा है लेकिन लिखित में कोई तहरीर नहीं आई है।