संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। पुलवामा हमले में शहीद हुए अजीत कुमार को बुधवार को लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
शहर में चौरारोड स्थित पुलवामा हमले में शहीद हुए अजीत कुमार की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। परिवारीजनों में पत्नी मीना, मां राजवती सहित अन्य ने पुष्पांजलि अर्पित की। नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी ने शहीद अजीत कुमार की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इस दौरान सेना के सूबेदार ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक अजय त्रिवेदी, मनीष अवस्थी, राघवेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे। पुलिस उपनिरीक्षक अनूप मिश्र अपूर्व ने पीडीनगर स्थित मनोरंजन पार्क में एक पौधा शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान चौरा रोड स्थित स्मारक पर पौधे रोपित किए गए। उन्होंने अगले साल से शहीद अजीत कुमार आजाद स्मृति सम्मान के रूप में मेधावी छात्र-छात्राओं को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
हसनगंज के कस्बा मोहान के आरके मान्टेसरी हाईस्कूल में प्रबंधक विनोद मौर्या ने छात्र छात्राओं के साथ पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को नमन करते हुए हवन-पूजन किया।
-
महादानियों ने किया रक्तदान
उन्नाव। सामाजिक संस्था लाइफ सेवर्स के अध्यक्ष अनुराग सिंह राठौर ने पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें चार महादानियों ने रक्तदान किया। शिविर में शालिनी पाटेकर, यशी सिंह, सुरेंद्र पाटेकर, वेद प्रकाश साहू और अनुराग सिंह राठौर ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. रियाज अली मिर्जा, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनुराग कुमार, स्मृति गुप्ता, सोनी देवी व निर्मेश पटेल आदि उपस्थित रहे।