फतेहपुर चौरासी। थाना क्षेत्र के लखनापुर गांव में बुधवार दोपहर दुकानदार का शव घर के कमरे में छत के कुंडे से लटकता मिला। मृतक के चाचा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
लखनापुर गांव निवासी राहुल (26) पुत्र मान सिंह गांव में समोसा की दुकान चलाता था। माता-पिता के दिल्ली में रहने से वह घर में अकेले रहता था। दो दिन से उसकी दुकान बंद होने और उसके दिखाई न देने से गांव के लोग बुधवार को घर पहुंचे। बाहर कमरे से बदबू आने पर खिड़की से झांककर देखा तो राहुल का शव लटकता देख सभी दंग रह गए। घटना की चर्चा फैलते ही बांगरमऊ के फरीदपुर कट्टर निवासी चाचा अशोक मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। चाचा के अनुसार मृतक अविवाहित था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम को भेजा। राहुल ने फांसी क्यों लगाई, चाचा अशोक इसकी जानकारी पुलिस को नहीं दे सके। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के माता-पिता के आने पर ही मौत की वजह सामने आ सकेगी।