फोटो-18-हिलौली पावर हाउस पर मौजूद ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
बिजली के अभाव में लोगों को झेलनी पड़ रही भीषण परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मौरांवा। पारा गांव में एक सप्ताह पूर्व फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परेशान ग्रामीणों ने रविवार हिलौली पावर हाउस पहुंच कर प्रदर्शन किया।
ग्रामीण राजेश, बबली सविता, अवधेश सविता, संतोष दीक्षित, लक्ष्मी नारायण, लल्ला पठान, मोहम्मद हुसैन, पारुल भारती, राकेश, रहमान आदि ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। तबसे गांव की बिजली गुल है। कई बार शिकायत के बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। बिजली न आने से लोगों की मोबाइल चार्ज करने, पेयजल की व्यवस्था समेत अन्य घरेलू कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान गुलाम अहमद ने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने जल्द नया ट्रांसफार्मर रखवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। अधिशासी अभियंता विमल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी विभाग को है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जाएगा।