उड़ीसा से लोहे के क्वायल लेकर लुधियाना जा रहा ट्राला रविवार तड़के उन्नाव-हरदोई मार्ग पर संकरी पुलिया पर अनियंत्रित होकर बिजली का पोल तोड़ते हुए खंती में गिरा गया। हादसे में ट्रक चालक के पिता और क्लीनर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
रायबरेली के पूरेचांद्र बरुआ अहाता निवासी चालक राकेश (24) पुत्र रामप्रकाश उड़ीसा की एक प्राइवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट कंपनी का ट्रक चलाता है। ट्रक पर क्षेत्र के ही बहाई लालगंज निवासी राजेंद्र (20) पुत्र ललई क्लीनर था। राकेश उड़ीसा से ट्रक में लोहे के क्वायल लादकर शुक्रवार को रायबरेली अपने गांव पहुंचा। शनिवार देर रात राकेश रायबरेली से लुधियाना के लिए निकला। राकेश के पिता रामप्रकाश (48) चंडीगढ़ में फर्नीचर का काम करते थे। इसलिए वह भी ट्रक में बैठ गए।
विज्ञापन
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर सफीपुर के एक ढाबे पर रविवार तड़के तीनों ने चाय पी। यहां कुछ देर रुकने बाद फिर लुधियाना के लिए चले। भारत गैस एजेंसी के पास संकरी पुलिया पर ट्राला अनियंत्रित होकर बिजली का खंभा तोड़ते हुए सड़क से बीस फीट नीचे गिर गया। केबिन में मौजूद क्लीनर राजेंद्र और रामप्रकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राकेश को गंभीर चोटें आई हैं। राकेश कानपुर के हैलट में इलाज चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। रामप्रकाश के चचेरे भाई मायाराम ने बताया 11 मई को उसके बेटे वीरेंद्र की शादी थी। रामप्रकाश शादी में शामिल होने आठ मई को घर आए थे। मृतक रामप्रकाश की पत्नी तेज कुमारी और तीन बेटे हैं। क्लीनर राजेंद्र के पिता ललई ने बताया कि वह पेंटिंग का काम करते हैं। राजेंद्र पांच बच्चों में सबसे बड़ा था।