लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गदनखेड़ा चौराहा के पास बाइक सवार को बचाने में ट्रेलर खंती में पलट गया। चालक कंटेनर केबिन में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं चालक का साथी और आधा दर्जन कंटेनर सवार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रेलर से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मथुरा के जमुनापार सिवुरा में रहने वाला मुकेश (40) शनिवार रात लखनऊ से ट्रेलर में ट्रक की चेचिस लादकर जयपुर जा रहा था। साथ में मथुरा के सिवुरा निवासी बालकृष्ण (45) व सलीम, नूर अहमद, जोगेंदर कंटेनर में सवार थे। इसके अलावा मुकेश ने रास्ते में कुछ सवारियां भी बिठा ली थी। ट्रेलर सलीम ने बताया कि देर रात जब वह गदनखेड़ा बाइपास के पास पहुंचे तभी एक बाइक सवार अचानक सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में मुकेश ने ट्रेेलर को सड़क के बाई ओर मोड़ दिया। जिससे कंटेनर अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गया।
इस दौरान मुकेश केबिन-स्टेरिंग के बीच फंस गया। वहीं केबिन में बैठे आधा दर्जन लोग भी फंस गए। चीख सुन राहगीरों ने बचाव के साथ ही यूपी 100 को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कड़ी जद्दोजहद के बाद सभी को बाहर निकाला। इस बीच मुकेश की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घायलों में बालकृष्ण, सलीम, जोगेंदर समेत तीन अन्य सवारियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पीएम भेजने के साथ ही परिजनों को सूचना दी गई।