उन्नाव। हाईवे पर सड़क निर्माण में सुस्ती पांच दिन से मुसीबत बनी है। रोज दो किलोमीटर में डायवर्जन और 500 मीटर सड़क पर काम होने से पांच-छह किलोमीटर में यातायात रेंग रहा है। गुरुवार को भी दो किलोमीटर में डायवर्जन होने से यातायात एक ही लेन से चलता है। हाईवे पर यातायात प्रभावित होने से शहर में जाम की समस्या रही।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सड़क बनाने का काम चल रहा है। पांच दिन पहले नवीन मंडी से जाजमऊ की तरफ की लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर काम शुरू हुआ था। इससे रोज दो किलोमीटर दायरे में दोनों तरफ का यातायात एक ही लेन (कानपुर से लखनऊ जाने वाली) से निकाला जा रहा है।
हालांकि काम में सुस्ती के कारण रोज एक से डेढ़ किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है। गुरुवार को 500 मीटर दायरे में सड़क की ऊपरी परत उखाड़ने और सफाई का काम कराया गया। जाम और धूल का गुबार मुसाफिरों को परेशान किए रहा।
हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ तो चार पहिया वाहन शहर से होकर निकलते रहे। सुबह 10 से शाम छह बजे तक गांधीनगर तिराहा से आईबीपी चौराहा के बीच कई बार यातायात की चाल बेहद सुस्त रही। गुरुवार को गदनखेड़ा चौराहा से जी स्कूल के पास तक काम चला। हालांकि शाम तक करीब सड़क उखाड़ने का ही काम हो पाया।
यातायात प्रभारी भवन सिंह मौर्य ने बताया कि शुक्रवार को भी हाईवे पर काम जारी रहेगा। एनएचएआई की निर्माण एजेंसी को तेजी से काम पूरा कराने के लिए कहा गया है। एनएचएआई के इंजीनियर अभय कुमार का दावा है कि कानपुर-लखनऊ हाईवे पर जाम नहीं लगा, काम चलने की वजह से केवल वाहनों की रफ्तार धीमी रही। बताया कि सड़क बनाने का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है।