उन्नाव। यातायात माह का सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना है। वाहन चालक की जरा सी लापरवाही की सजा उनका परिवार जिंदगी भर भुगतता है। शुक्रवार को यातायात माह का शुभारंभ करते हुए एसपी ने यह बात कही। डीएम ने सभी विभागों को संयुक्त रूप से प्रयास कर जागरूकता और यातायात व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
सदर पुलिस चौकी स्थित यातायात कार्यालय में एक नवंबर को डीएम और एसपी ने यातायात माहका शुभारंभ किया। डीएम ने सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सभी को यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान जागरूकता के लिए कलाकारों ने एक नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया।
डीएम गौरांग राठी ने बताया कि नियमों का पालन कर सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। पूरे माह इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। परिवहन, शिक्षा, पीड़ब्ल्यूडी व अन्य विभाग भी इसमें अपना योगदान देंगे और यातायात व्यवस्था, चौराहों-तिराहों और दुर्घटना बाहुल्य स्थानों के सुधार में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रयास होगा कि अक्तूबर की अपेक्षा 30 नवंबर को यातायात व्यवस्था में काफी सुधार नजर आए।
एसपी ने दीपक भूकर ने कहा नियमों के पालन से वाहन चालक अपनी और दूसरों की जान बचा सकते हैं। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर चलें, क्योंकि ज्यादातर मौतें मस्तिष्क अघात से होती हैं। कहा कि इस माह का उद्देश्य चालान काट कर जुर्माना वसूलना भर नहीं है, यह तो लोगों को तो सिर्फ लोगों को आगाह करने के लिए होता है। लोगो को हेलमेट, सीट बेल्ट, रफ्तार और यातायात के अन्य नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जागरूकता वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह, दक्षिणी प्रेमचंद, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव राज, एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद सिंह, सीओ सिटी सोनम सिंह, यातायात प्रभारी निरीक्षक भवन सिंह मौर्य और व वाहन चालक मौजूद रहे।
02जेएनडी09: मंडी में आई कपास की फसल। संवाद