उन्नाव। हाईवे पर आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की स्लैब ज्वाइंट में आई दरार की मरम्मत में निर्माण एजेंसी की सुस्ती भारी पड़ रही है। दो दिन में केवल दस फीट स्लैब ज्वाइंट काटा जा सका है। यातायात पुलिस के कहने के बाद भी रात में काम नहीं कराया गया। शुक्रवार सुबह काम शुरू होने के बाद से रेंग रहा यातायात सुचारु कराने में पुलिस ने दिन भर पसीना बहाया। एनएचएआई ने दोनों लेन की मरम्मत में 14 दिन का समय लगने की बात कही है।
लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रायबरेली रेलवे क्रॉसिंग पर स्थित आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) पुल के स्लैब ज्वाइंट में दोनों लेन में काफी बड़ी दरार हो गई है। हादसों को रोकने के लिए एनएचएआई और मेंटीनेंस करने वाली एजेंसी ने सबसे पहले कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन पर आधी सड़क को बंद करके मरम्मत शुरू कराई है। वाहनों को निकलने के लिए सिंगल लेन ही होने से मरम्मत शुरू होने के बाद से हाईवे का यातायात रेंग रहा है। शुक्रवार रात 12 बजे से सुबह तीन बजे तक दोनों तरफ दो किमी तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। शनिवार सुबह स्थिति सामान्य हुई लेकिन दोपहर में यातायात फिर उलझ गया। इससे यातायात पुलिस को करीब तीन घंटे पसीना बहाना पड़ा। शनिवार शाम को फिर जाम के हालात बन गए।
यातायात प्रभारी भवन सिंह ने बताया कि निर्माण एजेंसी काफी धीमी गति से काम कर रही है। बताया कि रात में भी मरम्मत कराने को कहा था लेकिन अभी रात में काम करने वाले कर्मचारी न होने की बता कहकर शाम को चले गए। एनएचएआई के इंजीनियर सौरभ चौरसिया ने बताया कि कानपुर से लखनऊ जाने वाली और लखनऊ से कानपुर जाने वाली दोनों लेन की मरम्मत में कुल 14 दिन का समय लगेगा। बताया कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर जल्द ही रात में भी काम काया जाएगा।