औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर कस्बा औरास में सई नदी के जर्जर पुल की मरम्मत शुरू होने के बाद शनिवार को पुल से आवागमन पूर्णतया बंद कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने पुल के दोनों तरफ ईंट-पत्थर और कंटीली झाड़ियां लगाकर मार्ग बंद कर दिया।
औरास कस्बे के पास सई नदी पर बना करीब 58 साल पुराने पुल को पीडब्ल्यूडी ने अप्रैल माह में जर्जर घोषित कर दिया था। जिला प्रशासन की अनुमति पर पुल के दोनों छोरों पर सडक़ पर आधी-आधी दीवार बनाकर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया था। तबसे उन्नाव के अलावा सीतापुर, हरदोई, लखीमपुरखीरी और लखनऊ जिलों को जाने वाले भारी वाहन तीस किमी का चक्कर लगाकर गंतव्य को पहुंच रहे थे।
पुल की निरीक्षण रिपोर्ट शासन को भेजने के बाद मरम्मत के लिए पैसा स्वीकृत करते हुए 39 लाख रुपये का बजट जारी किया था। गुरुवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने पुल के नीचे दरकी दीवारों के क्रैक भरने के साथ मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। दो दिन तक क्रैक भरने के बाद शनिवार सुबह कोठियों पर बैरिंग और ऊपरी सतह पर काम शुरू करने के लिए आवागमन पर पूर्णतया रोक लगा दी।
वैकल्पिक रास्ता न बनाने से बढ़ी मुश्किल
पुल से आवागमन पूरी तरह से बंद होने और वैकल्पिक रास्ता न बनाए जाने से लोग काफी परेशान रहे। राहगीर जान जोखिम में डालकर नदी में चल रही नाव में बैठकर नदी पार करने को मजबूर हैं। वहीं कई लोग लोग पैदल ही नदी पार करने की जुगत भिड़ाते नजर आए। ग्रामीण बिना रास्ता बनाए आवागमन बंद कर देने से ज्यादा समस्या हुई। कोसते नजर आए।