फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क पर उतरे व्यापारी, तीन घंटे जाम

Sat, 04 Mar 2017 10:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, उन्नाव
विज्ञापन
मौरावां मोहन लालगंज मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन करते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
असोहा थानाक्षेत्र के कालूखेड़ा में महिला प्रधान के घर लूटपाट व गोलीकांड की घटना से नाराज लोग शनिवार की सुबह सड़क पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने मौरावां-मोहलालगंज मार्ग व कालूखेड़ा-असोहा मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने से दोनो मार्गों पर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही एसडीएम, एसओ मौके पर पहुंचे।

तमाम कोशिशों के बाद भी लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। अधिकारियों ने घटना के खुलासे को तीन दिन की मोहलत मांगी। करीब तीन घंटे बाद जाम खत्म हुआ। उधर, सांसद साक्षी महराज ने लखनऊ ट्रामासेंटर में गोली से घायल प्रेमशंकर दीक्षित व उनके बेटे उत्कर्ष का हालचाल लिया। उन्होंने खुलासा न होने पर मामला केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
विज्ञापन


मालूम हो कि गुरुवार रात नकाबपोश बदमाशों ने कालूखेड़ा की प्रधान मंजू दीक्षित के घर में लूट की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने प्रधान पति व कारोबारी प्रेमशंकर दीक्षित व बेटे उत्कर्ष को गोली मार दी थी और नगदी व जेवरात लेकर भाग निकले थे। घायल पिता-पुत्र को गंभीर हालत में परिजनों ने लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था। घटना के चौबीस घंटे बाद भी लुटेरों का पता न चलने पर गुस्साए दुकानदार जिला पंचायत सदस्य डा. शकील की अगुवाई में सड़क पर आ गए।

भीड़ ने कालूखेड़ा चौराहा पर लकड़ी व बेंच डालकर जाम लगा दिया और धरने पर बैठ गए। इससे मौरावा-मोहनलालगंज मार्ग व लखनऊ-कालूखेड़ा पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज योगेश दीक्षित पहुंचे और व्यापारियों से बात कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन बात नहीं  बनी। चौकी इंचार्ज ने उच्चाधिकारियों जानकारी दी।

इसके बाद एसडीएम राजमुनि यादव व थानाध्यक्ष जेएन सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसडीएम ने व्यापारियों से बात की और तीन दिन के अंदर घटना का खुलासे का वादा किया। एसडीएम के आश्वासन पर तीन घंटे बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे और जाम खोला। असोहा एसओ जेएन सिंह ने बताया कि प्रेम शंकर की तहरीर पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उत्कर्ष की हालत अभी भी गंभीर
नकाबपोश बदमाशों की गोली से घायल उत्कर्ष की हालत गंभीर बनी हुई है। पेट में गोली लगने से डाक्टरों ने रात में ही उसका ऑपरेशन किया। फिलहाल डाक्टरों की टीम लगी हुई है। अभी उसकी हालत में सुधार नहीं है। अस्पताल में पिता-पुत्र को देखने वालों का तांता लगा रहा।

स्कूटी खोल सकती है राज
शुक्रवार को हुई घटना के लगभग 30 मिनट बाद कालूखेड़ा से लखनऊ की ओर जा रहे स्कूटी सवार दो युवक जबरेला के पास पुलिस को देख स्कूटी छोड़ भाग निकले थे। स्कूटी को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जबकि घटना में इस्तेमाल लोहे की राड को लेकर भी पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस का दावा, मिले अहम सुराग
कालूखेड़ा में प्रधान के घर लूट के बाद गोलीकांड में पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने तीन संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे की बात कह रही है।
विज्ञापन


दूसरे दिन बंद रहा बाजार
लूट व गोलीकांड की घटना के चलते कालूखेड़ा मार्केट में दूसरे दिन भी सन्नाटा छाया रहा। व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। यहां तक कि शराब की दुकानें भी बंद रहीं। मार्केट बंद कर व्यापारी सिर्फ  घटना के खुलासे की मांग करते रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें