नवाबगंज। टोल टैक्स बैरियर पर रविवार को एक किसान नेता के काफिले को रोकने और टैक्स मांगने पर बवाल हो गया। टोल कर्मियों और समर्थकों में मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। समर्थकों ने करीब एक घंटे तक हंगामा किया। बूथ में घुसकर तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद किसान नेता और उनके समर्थक बैरियर तोड़कर भाग निकले। अजगैन थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
अजगैन थानाक्षेत्र के एक गांव में आयोजित बैठक में शामिल होने जा रहे एक किसान नेता का काफिला दोपहर करीब बारह बजे अजगैन टोल टैक्स बैरियर पर बिना टैक्स दिए जाने लगा। सुरक्षा कर्मियों ने बैरियर लगाकर उनके काफिले को रोक दिया। दो पहिया और चार पहिया वाहनों में सवार उनके समर्थक वाहनों से नीचे उतरे और कर्मचारियों को काफिला किसान नेता का होने की जानकारी दी।
इसपर कर्मचारियों ने बताया कि किसान नेता को टैक्स में छूट देने की अनुमति नहीं है। इसके बाद नेता के समर्थकों ने बैरियर के बूथ नंबर पांच में तोड़फोड़ शुरू कर दी। समर्थकों ने दो कंप्यूटर और एक सीसी टीवी कैमरा तोड़ दिया। इसी दौरान बैरियर के सुरक्षागार्डों और समर्थकों में मारपीट होने लगी। मारपीट में एक समर्थक और दो टोल कर्मी चुटहिल हुए हैं।
मारपीट के बाद समर्थकों ने बैरियर तोड़ दिए और इसके बाद काफिला निकल गया। सूचना पर अजगैन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी मौके पर पहुंचे और तफ्तीश की। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।