उन्नाव। गणतंत्र दिवस पर विद्यालय में झंडा न फहराने तथा झंडा उल्टा फहराने पर बीएसए ने तीन टीचरों को निलंबन कर दिया है। इसमें दो टीचर विकासखंड मियागंज कनिगांव जूनियर विद्यालय तथा एक फतेहपुर चौरासी विकासखंड के सरांय अख्तियारपुर की शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस पर जिले के सभी 2039 प्राथमिक विद्यालय व 809 उच्च प्राथमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे ध्वाजरोहण का आदेश था। उसके बाद भी विकासखंड मियागंज के गांव कनिगांव में संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधान टीचर शाहिद अली व सहायक टीचर मेराज आलम ने विद्यालय ही नहीं खोला।
वहीं विकासखंड फतेहपुर चौरासी के गांव सरांय अख्तियारपुर प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज टीचर एकता रानी ने उल्टा झंडा फहरा दिया। मंगलवार की शाम को बीईओ ने विद्यालयों की रिपोर्ट भेजी, तो बीएसए ने तीन टीचरों को निलंबित कर दिया।
बीएसए डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय में ध्वजारोहण न करना देश के प्रति गद्दारी है। बीईओ की रिपोर्ट आने के बाद इन टीचरों के नाम सामने आए थे इसलिए इन पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।