उन्नाव। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में तीन दिसंबर को आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी। इसके माध्यम से हिंदुओं पर अत्याचार को तत्काल रोकने की मांग की जाएगी।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विभिन्न हिंदू संगठनों ने बांग्लादेशी हिंदू रक्षा संघर्ष समिति बनाई है। समिति से जुड़े विहिप नेता सुरेश पांडेय ने एसवीएम इंटर काॅलेज में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में तीन दिसंबर को पूरे शहर में आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी। बताया कि बांग्लादेश में हिंदुओं व अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर वहां की सेना और इस्लामिक कट्टरपंथी भयानक अत्याचार कर रहे हैं। निर्दोषों की घरों से खींचकर हत्याएं की जा रही हैं। बहन, बेटियों, बच्चों और बस्तियों पर हमले हो रहे हैं। मंदिरों को तोड़ा जा रहा है।
हिंदू नेता चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि बांग्लादेश में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे चिन्मय दास सहित तमाम हिंदुओं पर झूठे अभियोग पंजीकृत कर उन्हें जेल में डाला जा रहा है। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्भाग्य की बात यह है कि देश, दुनिया से कोई मुखर आवाज बांग्लादेशी हिंदुओं व अन्य अल्पसंख्यकों के पक्ष में नहीं उठी। बताया कि तीन दिसंबर को पूरे देश में हिंदू समाज एक साथ प्रदर्शन करेगा।
शहर में भी तीन दिसंबर को सुबह 10 बजे श्रीरामलीला मैदान से आक्रोश यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर में भ्रमण करते हुए निराला प्रेक्षागृह पहुंचेगी। इसके बाद डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित अन्य लोगों को ज्ञापन भेजा जाएगा। रघुवंश मणि त्रिवेदी, डॉ. एसपी सिंह, सीतेश सिंह आदि मौजूद रहे।