उन्नाव। जिले में ठंड से टीचर समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
नवाबगंज विकासखंड के गोरिंदा प्राथमिक विद्यालय में औराई निवासी सहायक टीचर अमर सिंह यादव (35) स्कूल से घर लौटे तो तबियत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना बारासगवर के सथनीबालाखेड़ा गांव में 14 वर्षीय एक छात्रा की ठंड लगने से हालत बिगड़ गई। परिजन उसे बीघापुर पीएचसी लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर शुक्रवार देर रात ठंड लगने से एक अधेड़ की भी मौत हो गई।
शुक्रवार शाम स्कूल से पढ़ाने के बाद अमर सिंह बाइक से घर पहुंचे। ठंड अधिक लगने के कारण उन्होंने आग भी तापी लेकिन कोई राहत नहीं मिली। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें कानपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
बीघापुर संवाददाता के अनुसार, थाना बारासगवर के सथनीबालाखेड़ा गांव की छात्रा प्रियंका उर्फ गुड्डन पुत्री जयप्रताप हुबलाल इंटर कालेज टेढ़ा में कक्षा 09 की छात्रा थी।
विद्यालय में शनिवार को बीमार हो जाने के बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बीघापुर लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया और उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। पिता जय प्रताप ने छात्रा की मौत ठंड से होने की बात कही है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रजनीश यादव ने बताया कि छात्रा को ठंड लग गई थी। इलाज शुरू किया गया था लेकिन इसी दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, नगरपंचायत बीघापुर निवासी नागेश्वर चौधरी (53) शुक्रवार को रायबरेली पत्नी की दवा लेने बाइक से गए थे।
रात करीब आठ बजे वह घर लौटे और ठंड लगने की बात कही। इसके बाद वह सोने चले गए। देर रात अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन कुछ समक्ष बातें इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने ठंड लगने से मौत होने की बात कही है।