वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिर गिरफ्तार
कार, 90 लीटर डीजल, तमंचा और कारतूस सहित पुलिस ने पकड़ा
उन्नाव से रायबरेली, कानपुर और फतेहपुर तक करते थे वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर (उन्नाव)। हाईवे, होटलों व ढाबों में खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे, पांच कारतूस, कार, 90 लीटर डीजल और तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
बीघापुर-पुरवा मार्ग पर मियांगज के पास थानाध्यक्ष गुरुवार रात वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान कार में तीन डीजल भरे जरीकेन मिले। मामला संदिग्ध लगने पर कार सवार लोगों से पूछताछ शुरू हुई। कार सवार लोगों ने अपने नाम कानपुर चकेरी के थाना अहिरवां निवासी राजेंद्र कुमार, आकाश गौतम और फतेहपुर के थाना बकेवर के गांव बिसरौली निवासी आशीष उर्फ भुरई बताया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बदरका अंडरपास के पास खड़े ट्रक से डीजल निकाल कर ले जा रहे थे। चालक की नींद खुलने पर वह लोग भाग निकले। तलाशी में तमंचा, कारतूस, जाइलो कार, तीन मोबाइल, तीन डीजल से भरे जरीकेन, दो खाली कैन और डीजल चोरी में प्रयोग में आने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभिमन्यु सिंह और आशीष यादव के खिलाफ चकेरी थाने में कई मामले दर्ज हैं। गिरोह के बदमाश उन्नाव, रायबरेली, कानपुर और फतेहपुर में खड़े वाहनों, ढाबों और होटल के किनारे ट्रकों से डीजल चोरी करने का काम अरसे से कर रहे थे।