उद्यमियों व घरेलू उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर एनर्जी प्लांट की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। यूपीनेडा की ओर से जागरूकता बैठक में उद्यमियों को रूफ टॉप सोलर एनर्जी प्लांट की जानकारी दी गई। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं को प्लांट लगाने पर 40 फीसदी अनुदान की जानकारी दी गई।
नेडा के परियोजना अधिकारी नेपाल सिंह ने उद्यमियों को बताया कि सरकार अभी घरेलू प्लांट लगाने पर अनुदान दे रही है। आवासीय उपभोक्ताओं को एक से तीन किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर लागत का 40 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नेट मीटरिंग की व्यवस्था लागू है। इसके तहत प्रयोग की गई बिजली के अलावा जो शेष बचती है वह ऊर्जा ग्रिड में चली जाती है।
इसका बिजली विभाग बिल में समायोजन करता है। एक किलोवाट के प्लांट में 24 घंटे में चार यूनिट तक बिजली पैदा होती है। उद्यमियों में आईआईए चेयरमैन एके महेश्वरी, जीएन मिश्रा, संदीप शुक्ला आदि ने उद्योगों में सोलर प्लांट लगवाने पर नेट मीटरिंग व्यवस्था लागू कराने की मांग की।
उद्यमी कांति मोहन गुप्ता ने कहा कि उनके घरेलू सोलर प्लांट में अभी तक सब्सिडी उपलब्ध नहीं कराई गई है। परियोजना अधिकारी ने जल्द समाधान कराने की बात कही। पीयूष पांडेय, अक्षत त्रिवेदी, शेखर अग्रवाल, बृज किशाेर यादव, अभिषेक मेहरोत्रा, खुर्शीद अहमद, एमएनखान आदि उपस्थित रहे।