संवाद न्यूज एजेंसी
पुरवा। एसपी कार्यालय परिसर में आत्मदाह करने वाले भूलेमऊ निवासी श्रीचंद्र (अब मृतक) के परिजनों से मिलने राष्ट्रीय कल्याण मंच व महाराजा लाखन पासी स्वाभिमान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचे। दोनों ने परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि आरोपी सीओ का दो दिन में निलंबन और एफआईआर दर्ज न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कोतवाली क्षेत्र के भूलेमऊ निवासी श्रीचंद्र ने 27 दिसंबर को एसपी कार्यालय परिसर में सीओ दीपक सिंह पर तीन लाख रुपये लेकर आरोपियों की मदद करने का आरोप लगा केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली थी। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान केजीएमयू लखनऊ में मौत हो गई थी। श्रीचंद्र ने मौत से पहले पुरवा के निवर्तमान सीओ दीपक सिंह पर मुमताज और उनके परिवार के विरुद्ध दर्ज जानलेवा हमले के मामले में तीन लाख रुपये लेकर तीन आरोपियों के नाम निकालने का आरोप लगाया था।
श्रीचंद्र ने खुद को आग लगाने के बाद सीओ का नाम लेकर अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था। मामले में रविवार दोपहर राष्ट्रीय कल्याण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनोद कुमार रावत मृतक के घर पहुंचे। अनोद कुमार रावत ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। कहा कि सोमवार को एसपी से मिलकर सीओ को निलंबित करने व एफआईआर करने के लिए ज्ञापन देंगे। एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय पर अपने संगठन के साथ धरने पर बैठने की बात कही।
रविवार शाम महाराजा लाखन पासी स्वाभिमान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. मोहनलाल पासी भी गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से घटना की बिंदुवार जानकारी ली। सांत्वना देते हुए कहा कि दो दिन में आरोपी सीओ पर एफआईआर और निलंबन न हुआ तो पासी समाज के लाखों लोगो के साथ प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं परिजनों ने मृतक श्रीचंद्र का रविवार को दसवां किया। मृतक भाई मूलचंद्र ने बताया कि सोमवार को गांव में श्रद्वांजलि सभा होगी। सुरक्षा की दृष्टि से घर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।