औरास (उन्नाव)। आलमखेड़ा गांव में चार दिन पहले साईं मंदिर के सेवादार की हत्या की घटना में पुलिस ने हत्यारोपी साधु वेशधारी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी ने बताया कि नशे में आए दिन दोनों में विवाद होता था। घटना वाले दिन भी विवाद हुआ तो सेवादार (मृतक) ने उसे लाठी मारी थी। गुस्से में आकर उसपर बांका से वार कर हत्या कर दी।
औरास थानाक्षेत्र के आलमखेड़ा गांव के पास स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के सेवादार अजीत मिश्रा (35) की 18 फरवरी की रात बंका से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के कुशीनगर निवासी बड़े भाई राजन मिश्र ने शिव मंदिर में रहने वाले साधु वेषधारी बबलू पासवान पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी बबलू हरदोई जिले के प्रतापनगर चौराहे पर कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बबलू ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन दोनों नशे में थे। आमना-सामना होने पर विवाद के दौरान गाली-गलौज शुरू हो गई। तभी अजीत ने उसके सिर पर लाठी से वार कर दिया। इससे वह दौड़कर गया और मंदिर के पास रखा बांका उठा लाया और उसकी हत्या कर दी।
सीओ अरविंद कुमार ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में नशे में विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। महिला से संबंधित कोई मामला नहीं है। मृतक के लाठी मारने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाने की बात स्वीकार की है।