उन्नाव जिले में चोरों ने पुलिस को ही सेंध लगा दी। चोरों ने थाने की दीवार में सेंध लगाकर लाखों का सामान चोरी कर लिया। चोर टॉवर में लगने वाली 96 बैटरियां, इन्वर्टर और अन्य सामान ले गए। आनन फानन पुलिस ने मामला दबाने के लिए दीवार की मरम्मत करा दी।
उन्नाव जिले के हसनगंज में पुराने थाने की दीवार में सेंध लगाकर चोरों ने टॉवर की रखीं लाखों रुपये कीमत की बैटरियां, इन्वर्टर व अन्य सामान पार कर दिया। मामले को दबाने में जुटी कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन दीवार की मरम्मत करा दी।
विज्ञापन
कोतवाली से महज 50 मीटर दूर सीएचसी, तहसील और पुराना थाना भवन है। इस मालखाने में चोरी व अन्य मुकदमों में बरामद किया गया सामान रखा है। बीते सोमवार रात चोरों ने मालखाना की दीवार में सेंध लगाकर यहां रखी टॉवर की करीब 96 बैटरियां, इन्वर्टर व अन्य सामान पार कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिलने अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए, क्योंकि इसी परिसर में अधिवक्ता भवन, तहसीलदार, रजिस्ट्रार सहित अन्य कार्यालय भी हैं। हालांकि हसनगंज कोतवाली पुलिस घटना पर पर्दा डालने में जुटी है। उस दीवार की भी आनन-फानन मरम्मत करा दी गई, जहां पर सेंध काटी गई थी।
विज्ञापन
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि माल का निस्तारण होना है। इसलिए माल निकाला गया था। लेकिन वह यह नहीं बता सके किस मुकदमे से संबंधित कौन से माल का निस्तारण कराया गया है। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि वह इस समय वाराणसी में हैं, जानकारी कराएंगे।