सफीपुर (उन्नाव)। 15 हजार रुपये के बीज चोरी के आरोप में साथियों ने ही युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। शनिवार सुबह युवक का शव गांव से बाहर एक बाग में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया लेकिन खोजी कुत्ता घटना स्थल से गांव तक गया और फिर रुक गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतक के पिता ने गांव के ही युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रज्जाकपुर निवासी सचिन को शुक्रवार रात करीब 8 बजे गांव का ही उसका मित्र मैकू बुलाकर ले गया था। रास्ते में ही एक और साथी लल्लू के साथ दोनों रोज की तरह गांव से बाहर शंकर के बाग पहुंचे और गांजा पीया। रात भर सचिन के घर न लौटने पर तड़के परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव शंकर के बाग में खून से लथपथ पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।
जो घटनास्थल से गांव तक तो गया लेकिन यहां से वह भटक गया। पुलिस ने शव से कुछ ही दूरी पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात में मैकू, सचिन को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। गांव वालों ने इन दोनों के साथ ही लल्लू को भी देखा था। पुलिस ने जब इन दोनों से पूछताछ के लिए घर पहुंची तो ये यह लोग नहीं मिले।
कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व लल्लू का करीब 15 हजार रुपये कीमत का खरबूजे का बीज चोरी हो गया था। लल्लू को सचिन पर शक था। जिसके चलते वह लगातार उससे इस बारे में पूछताछ कर रहा था। सचिन, लल्लू व मैकू तीनों गांजें के लती है और अक्सर एक साथ गांजा पीते थे। आशंका है कि यह लोग रात में गांजा पीने के दौरान आपस में लड़ गए होंगे और सचिन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। सचिन के पिता रामकिशोर की तहरीर पर मैकू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।