उन्नाव। जिला पुरुष अस्पताल ने कायाकल्प योजना के लिए आवेदन किया है। शुक्रवार को अंतिम मूल्यांकन के लिए राज्य स्तरीय टीम अस्पताल पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टरों ने ओपीडी से लेकर वार्ड, ओटी और परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। अस्पताल की व्यवस्थाओं से अधिकारी संतुष्ट दिखे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने सरकारी अस्पतालों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कायाकल्प योजना की शुरुआत की थी। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले अस्पतालों को पुरस्कृत करने साथ प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। शुक्रवार को राज्य स्तरीय टीम के सदस्य डॉ. अविनाश यादव, डॉ. तारिक इकबाल और सुभाष चंद्र अस्पताल पहुंचे। टीम ने ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, शौचालय, दवा वितरण कक्ष, बायो मेडिकल वेस्ट, लैब व परिसर का निरीक्षण किया। टीम ने स्टाफ से संक्रमण नियंत्रण व मरीज सुरक्षा के बारे में भी जानकारी ली। जिसके बाद टीम के सदस्यों ने अस्पताल में मिली व्यवस्थाओं के आधार पर अंक दिए। नोडल अधिकारी डॉ. शोभित अग्निहोत्री ने बताया कि टीम अस्पताल की व्यवस्थाओं से संतुष्ट है। कुछ जगहों पर सुधार करने को कहा गया है। उम्मीद है कि सुधार के बाद कायाकल्प अवार्ड की दौड़ में अस्पताल और बेहतर स्थान हासिल कर सकेगा।