उन्नाव। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिले के तीन ब्लाकों में 4 करोड़ 80 लाख की लागत से ग्रामीण स्टेडियम बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इसके लिए कार्यकारी संस्था को भी नियुक्त कर दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार राजीव गांधी खेल अभियान के अंतर्गत जनपद के तीन ब्लाकों में स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रत्येक स्टेडियम की लागत एक करोड़ 60 लाख रुपये होगी। जिला प्रशासन द्वारा पांच ब्लाकों में भूमि चयनित कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था।
इसमें तीन ब्लाकों के प्रस्तावों पर केंद्र सरकार ने मुहर लगा दी है। विकास खंड बिछिया की ग्राम पंचायत तौरा और विकास खंड औरास के मैनीभावा खेड़ा में नवीन स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही विकास खंड सिकंदरपुर सरोसी के नेतुआ गांव स्थित स्टेडियम का जीर्णोद्धार शामिल है।
युवा कल्याण अधिकारी के मुताबिक अगले चरण में विकास खंड बीघापुर व सुमेरपुर में स्टेडियम बनेंगे। केंद्र सरकार ने स्टेडियम के लिए कार्यदायी संस्था स्टील अथारिटी आफ इंडिया को नामित किया है।
जिला युवा कल्याण अधिकारी मेघना सोनकर ने बताया कि जनपद से पांच ब्लाकों में राजीव गांधी ग्रामीण खेल अभियान के तहत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। जिसमें बिछिया, सिकंदरपुर सरोसी व औरास के प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई है और कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।