आसीवन(उन्नाव)। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में धार्मिक जलसे में शामिल हुए कुरसठ कस्बा निवासी दोनों मौलवी की मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आई है। देर रात लखनऊ से रिपोर्ट आई तो अफसरों ने राहत की सांस ली है।
मियागंज ब्लॉक के नगर पंचायत कुरसठ कस्बा निवासी मौलवी मो. ताहिर व मो. इलियास जीजा-साले हैं। दोनों दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित धार्मिक जलसे में 3 मार्च को शामिल होने गए थे और 7 मार्च को वापस लौटे थे। दोनों के नाम सामने आने पर मंगलवार देर शाम सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने मेडिकल ऑफीसर डॉ. पुनीत तिवारी के नेतृत्व में टीम भेजकर दोनों को जिला अस्पताल के आइसोलशन वार्ड में भर्ती कराया था। दोनों के ब्लड सैंपल जांच के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजे गए थे। बुधवार देर रात रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को मिली। संक्रामक रोग प्रभारी डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई है। दोनों को आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी जाएगी।
वहीं, हसनगंज तहसील के गांव जैतीपुर निवासी युवक 14 मार्च को ओमान के मस्कट शहर वापस लौटा था। सर्दी, जुकाम व बुखार आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे मंगलवार रात जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया था। बुधवार देर रात मेडिकल कॉलेज से उसकी भी रिपोर्ट निगेटिव आई है।