गंजमुरादाबाद। बारिश ने एक दर्जन गांवों की करीब बीस हजार की आबादी के सामने आवागमन की समस्या खड़ी कर दी है। नगर से लेकर मलियन पुरवा तक के जर्जर डमरीकृत मार्ग पर पड़ी मिट्टी, बारिश के बाद दलदल में तब्दील हो गई है। यहां से निकलना अब खतरे से खाली नहीं रहा।
टेंपो चालकों ने इस रूट पर वाहन चलाने बंद कर दिए। वहीं नौकरीपेशा, परीक्षार्थियों व किसानों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मार्ग को दुुरुस्त कराने की मांग की है।
वर्ष 2010-11 में गंगा और कल्याणी नदियों में भीषण बाढ़ आने से कटरी इलाके का प्रमुख नगर से मलियनपुरवा तक का करीब 12 किमी लंबा मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। जिससे बल्लापुर, दारापुर, दरियापुर, खैरहन एवं बहलोलपुर समेत एक दर्जन से ज्यादा गांवों का नगर से संपर्क टूट गया था।
इस समस्या के समाधान के लिए उस वक्त सपा विधायक बदलू खां ने मार्ग पर मिट्टी आदि डलवाकर आवागमन शुरू कराया, लेकिन बीते दो दिनों से जारी बारिश में यह मार्ग पर पड़ी मिट्टी बह जाने से मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। जिससे इस मार्ग का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
खास बात यह है कि इस मार्ग पर एक दर्जन टेंपो का भी संचालन होता है। जो मार्ग खराब होने के कारण ठप पड़ा है। जिससे टेंपो चालकों के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है। इसके अलावा परीक्षा व रोजमर्रा के काम के लिए आने-जाने वालों को भारी असुविधा हो रही है।
किसान भी खाद, बीज तथा अन्य सामग्री भी नहीं ला पा रहा है। क्षेत्र के महफूज खां, शिव कुमार, अजीज खां, नरेंद्र सिंह, अरविंद्र सिंह आदि ने डीएम व एसडीएम से शीघ्र इस क्षतिग्रस्त पड़े मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।