उन्नाव। तीनों मूल्यांकन केंद्रों पर एक बार फिर चंदेल गुट का पलड़ा भारी दिखा। पांचवें दिन भी किसी मूल्यांकन केंद्र पर टीचरों ने कापियां नहीं जांची। जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर शिक्षक विधायक ने पहुंच कर टीचरों का हौसलाफजाई की। वहीं जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर वित्तविहीन टीचरों ने कपड़े उतारकर अर्द्धनगभन प्रदर्शन किया। शर्मा गुट को छोड़कर अन्य सभी गुटों की एकजुटता होने के कारण शिक्षा विभाग के अधिकारी भी बौने नजर आए।
शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल, मंत्री देवस्वरूप त्रिवेदी के साथ सुबह जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने टीचरों से कहा कि मांगें पूरी होने तक बहिष्कार जारी रखा जाए। बहिष्कार में शामिल टीचरों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। टीचरों को मांगें मनवाने के लिए पीछे नहीं हटना है।
यहां उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक संघ के टीचरों ने जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव की अगुवाई में सरकार विरोधी नारे लगाए और मांगें पूरी होने तक बहिष्कार की चेतावनी दी। यहां वित्तविहीन शिक्षक संघ के महिला संघ की अध्यक्ष पूनम वर्मा, सौरभ सिंह, उमा बाजपेई, अमर सिंह, रीता त्रिपाठी, रंजना तिवारी, रामशंकर, संजय बिहारी आदि ने विरोध किया।
जीजीआईसी में उप्र माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीचरों ने मांगे पूरी न होने पर अर्द्धनगभन प्रदर्शन किया साथ ही सरकार विरोधी नारेबाजी की। यहां अरविंद सिंह ने कहा कि सरकार हम टीचरों के साथ छलावा कर रही है।
मानदेय का वादा करने के बाद भी वह अपने वादे से मुकर रही है। इतना ही नहीं मानदेय न देना पड़े इसके लिए नियमावली तक बनाई गई है। सरकार को नियमों में परिवर्तन कर मानदेय देना पड़ेगा। यहां शिव प्रकाश मिश्र, जितेंद्र सिंह, सूर्य प्रताप तिवारी, रमेश गुप्ता, हितेंद्र यादव, उमा बाजपेई, अशोक शुक्ला आदि मौजूद रहे।
जीजीआईसी मूल्यांकन केंद्र पर चंदेल गुट के जिलाध्यक्ष विनोद कृष्ण शर्मा, प्रांतीय कार्य समिति के सदस्य रमाशंकर मिश्र व शिक्षक नेता अभिषेक दीक्षित की अगुवाई में टीचरों ने कोठार के ताले नहीं खुलने दिए।
जिलाध्यक्ष विनोद कृष्ण शर्मा ने कहा कि मांगें पूरी होने तक कोठार खुलवाना तो दूर बंडल तक नहीं लेने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिद पर अड़ी है तो टीचर उसे यह दिखा देगा कि उनमें कितनी एकता है। सरकार को हमारी मांगें माननी ही होंगी।
राजकीय इंटर कॉलेज चमरौली में माध्यमिक शिक्षक संघ चंदेल गुट के आय व्यय निरीक्षक ज्ञानेेंद्र सिंह के नेतृत्व में अरुण सिंह, योगेश सिंह, कैलाशनाथ बाजपेई, विक्रम सिंह, शिवम सिंह, निखिल त्रिवेदी, सुरेंद्र त्रिपाठी तथा देशराज ने जाकर मूल्यांकन कार्य का विरोध किया। शिक्षक विधायक के न पहुंचने पर महामंत्री देवस्वरूप त्रिवेदी ने सभी मूल्यांकन केंद्रों पर पदाधिकारियों के साथ टीचरों का हौसला बढ़ाया और कदम से कदम मिलाकर चलने का आह्वान किया।