औरास। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे मोहान विधायक ने सीएचसी और ब्लाक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सीएचसी में दो स्वास्थ्य कर्मियों के अनुपस्थित मिलने पर सीएमओ को फोन कर कार्रवाई करने को कहा।
औरास के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में मोहान विधायक बृजेश रावत ने पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यालय की छात्राओं को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। नगर पंयायत अध्यक्ष राकेश कुमार ने वन क्षेत्राधिकारी से कस्तूरबा विद्यालय के पास से निकली सडक़ के किनारे टी गार्ड लगाकर कर पौधे लगवाने की मांग की। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी हसनगंज राजवीर सिंह, वन दरोगा अशोक कुमार पांडेय व शिवम आदि मौजूद रहे। यहां से निकलने के बाद विधायक विद्यालय के सामने ही स्थित सीएचसी पहुंच गए। ओपीडी पहुंच कर उपस्थिति रजिस्टर तलब कर जांंच की। इसके बाद विधायक ने स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। दो कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर सीएचसी पर अधीक्षक डॉ. अनूप तिवारी से नाराजगी जाहिर की और सीएमओ से फोन पर जानकारी देते हुए अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई करने को कहा। अस्पताल से निकलने के बाद विधायक ब्लाक कार्यालय पहुंचे। यहांं उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर तलब कर लेखाकार से अनुपस्थित कर्मचारियों के विषय में जानकारी ली। जिस पर बताया गया कि सभी क्षेत्र भ्रमण पर है। इस मौके पर अजयपाल यादव, मोहित सिंह, अनूप व विपिन भी मौजूद रहे।