बांगरमऊ(उन्नाव)। शहर निवासी व्यापारी ने बेटे को फोन करके गंगा में कूद जाने की बात कहकर फोन बंद कर लिया। परेशान परिजन बांगरमऊ पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुल पर उसकी चप्पल व अन्य कोई साक्ष्य न मिलने सेे कई घंटे बाद परिजन और पुलिस वापस लौट गई। बेटे ने बताया कि पिता पर रुपये की देनदारी है। बाजार में बकाया अपनी रकम न मिलने से वह वह परेशान चल रहे थे।
सदर कोतवाली के मोहल्ला केसरगंज गल्लामंडी निवासी रामबाबू गुप्ता (45) गल्ले का व्यापार करते करते हैं। बेटे रवि गुप्ता के अनुसार उन पर कानपुर गल्ला मंडी के व्यापारियों की काफी देनदारी बाकी है। बकाया चुकाने के दबाव के चलते वह कुछ दिनों से परेशान चल रहे थे। बताया कि पिता रामबाबू गुरुवार शाम करीब चार बजे बिना बताए घर से चले गए। शाम 7 बजे बेटे रवि को फोन किया और कहा कि वह ऊब चुके हैं और गंगा में कूदने जा रहे हैं। पूछने पर बताया कि वह बांगरमऊ में गंगापुर पुल पर हैं। इसके बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर लिया। बेटे रवि ने पुलिस को सूचना दी और परिवार के साथ बांगरमऊ पहुंचा।
गंगा पुल पर पिता के चप्पल व अन्य कोई साक्ष्य नहीं मिला। काफी तलाश की लेकिन पिता का कहीं पता नहीं चला। इसी बीच रात 8:30 बजे बांगरमऊ पुलिस भी पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की लेकिन रामबाबू का कहीं पता नहीं चला। एसओ श्याम कुमार पाल ने बताया कि जिस समय फोन करने की बात बताई जा रही है उस समय मोबाइल की लोकेशन भी यहां की नहीं है। इसके बाद परिजन लौट गए।