उन्नाव। यात्री वाहनों में सफर के दौरान अब तेज गानों की धुन कान में नहीं चुभेगी। चालक तेज धुन में गाना बजाता है तो उसे सलाखों के पीछे तक जाना पड़ सकता है। छींटाकशी की घटनाओं के अलावा ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए आईजी रेंज ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पहले चालकों को तेज ध्वनि में गाना न बजाने की हिदायत दी जाएगी। उनके न मानने या शिकायत मिलने पर चालान, सीज की कार्रवाई के अलावा उसे सलाखों के पीछे तक भेजने का प्रावधान रखा गया है। टेंपो व ऑटो चालकों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
जिले में इस समय ऑटो, ई-रिक्शा, टेपाें समेत लगभग 6500 छोटे सवारी वाहन हैं। सफर के दौरान अधिकतर इन वाहनों के चालक तेज ध्वनि से गाना बजाते हैं। जिससे वाहन में बैठी महिलाओं, युवतियों को खासा दिक्कत होती है। कई बार चालकों पर तेज ध्वनि से गाना बजाने में छींटाकशी तक के आरोप लगे। महिलाओं की सुरक्षा व ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए आईजी ने ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए हैं। एसपी रोहन पी कनय ने सभी थाना-कोतवाली प्रभारियों के अलावा ट्रैफिक प्रभारी प्रदीप कुमार को इसके लिए निर्देशित किया है। पुलिस द्वारा पहले चालकों को तेज आवाज में गाना बजाने पर हिदायत दी जाएगी। उनके न मानने पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के तहत वाहन के चालान से लेकर सीज करने तक की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। शांतिभंग की कार्रवाई के अलावा किसी महिला द्वारा की गई शिकायत पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भी भेजा जाएगा।
वाहन अड्डों के संचालकों के जरिए पुलिस पहुंचाएगी संदेश
तेज ध्वनि से गाना न बजाने के प्रति वाहन चालकों को सजग करने के लिए पुलिस क्षेत्र के वाहन अड्डों के संचालकों के साथ बैठककर उन्हें अपनी मंशा बताएगी। संचालकों के द्वारा चालकों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा। इसके बाद पुलिस ऐसे वाहनों पर शिकंजा करने के लिए चेकिंग अभियान चलाएगी।
आईजी बोलीं
आईजी रेंज लखनऊ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। सफर के दौरान वाहन चालकों द्वारा तेज ध्वनि से गाना बजाकर महिलाओं को परेशान करने की शिकायतें मिली हैं। जिस पर पुलिस को ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए हैं।