सफीपुर। महिला को जिंदा जलाने की घटना में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद, बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में नानामऊ घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी की मौत से बेहाल पति ने अपने ही परिजनों से खुद और बच्चों को खतरा बताया है। घटना के दूसरे दिन गांव में सन्नाटा रहा। पुलिस ने हत्यारोपी देवर को जेल भेज दिया।
आसीवन थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 30 साल की महिला सोमवार रात दो बच्चों के साथ घर में अकेली थी। तभी पड़ोसी देवर ने उसके साथ यौनशोषण का प्रयास किया था। विरोध करने पर जिंदा जला दिया था। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद देर शाम शव घर पहुंचा। पति अपने ही घर वालों पर गंभीर आरोप लगाए। बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी देवर को जेल भेजा गया है। मृतका के पति ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच की जा रही है।